खेल-खेल में विवाद, दिल्ली में घर आकर 11 साल के बच्चे ने फंदा लगाकर जान दी; वजह जान पैरेंट्स भी हैरान

0 29

नई दिल्ली: दिल्ली के अशोक विहार इलाके में दर्दनाक मामला सामने आया है। 11 साल के बच्चे ने सोमवार दोपहर फंदा लगाकर जान दे दी। खेलने की उम्र में बच्चे द्वारा लिए गए इस निर्णय से परिजन सकते में हैं। फिलहाल पुलिस मौत के वजह जानने की कोशिश कर रही है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मैदान में खेलने के दौरान विवाद होने के बाद बच्चे ने घर में आकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, परिजनों ने किसी भी तरह का आरोप नहीं लगाया है।

जानकारी के अनुसार, पेशे से अधिवक्ता विनीत परिवार सहित अशोक विहार फेज दो में रहते हैं। विनीत की पत्नी शिक्षक हैं। दो बेटों में 11 वर्षीय लक्ष्य बड़ा था। वह स्थानीय स्कूल में कक्षा छह का छात्र था। लक्ष्य सोमवार दोपहर को घर के बाहर खेल रहा था। अचानक घर में आया और सीधे अपने कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला तो परिजनों ने आवाज लगाई।

लक्ष्य ने जब कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। परिजनों ने कमरे में प्रवेश किया तो लक्ष्य का शव दरवाजे के सहारे फंदे पर लटका हुआ था। परिजन तुरंत उसे विनायक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने लक्ष्य को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से ही मॉडल टाउन थाने में सूचना दी गई थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि लक्ष्य का खेलते समय अपने बच्चों से कुछ विवाद हो गया था। इसी बात से नाराज होकर उसने घर आकर खुदकुशी कर ली। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इसलिए आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। परिजनों ने भी किसी प्रकार की आशंका नहीं जताई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अगर कोई नया तथ्य सामने आएगा तो जांच की जाएगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.

18:16