दुनिया के अमीरों को झटका, मस्क के बाद सबसे ज्यादा कम हुई अडाणी की संपत्ति, जानें अंबानी को कितना हुआ नुकसान
नई दिल्ली: दुनियाभर के शेयर बाजारों में भारी उथल-पुथल के कारण इस साल अब तक शीर्ष अमीरों की संपत्तियों में भारी गिरावट आई है। अडाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी की संपत्ति में टेस्ला के संस्थापक एलन मस्क के बाद दूसरी सबसे बड़ी गिरावट देखी गई है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, दुनिया के 23वें सबसे अमीर कारोबारी गौतम अदाणी की संपत्ति 11.9 अरब डॉलर घटकर 66.8 अरब डॉलर रह गई है।
इस दौरान एलन मस्क की संपत्ति में 35.2 अरब डॉलर की कमी आई है और अब उनकी संपत्ति 397.3 अरब डॉलर है। अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद से मस्क की संपत्ति में काफी तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिली थी और यह 400 अरब डॉलर के पार पहुंच गई थी।
अंबानी की संपत्ति में भी गिरावट
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की संपत्ति में भी इस साल बड़ी गिरावट आई है। उनकी संपत्ति 2.9 अरब डॉलर घटकर 87.7 अरब डॉलर रह गई। एचसीएल टेक के संस्थापक शिव नादर की संपत्ति में 4.53 अरब डॉलर की कमी आई है। अब उनकी संपत्ति 38.6 अरब डॉलर रह गई है।
17.5 फीसदी तक टूटे अदाणी समूह के शेयर
अमेरिका में रिश्वत देने की खबर के बाद से अडाणी समूह के शेयरों में भारी गिरावट देखी गई है। अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर इस साल अब तक 14.7 फीसदी टूट चुका है। अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन में 8.85 फीसदी गिरावट देखने को मिली है। अडाणी पावर और अडाणी ग्रीन एनर्जी सहित समूह की अन्य कंपनियों के शेयरों में भी 17.3 फीसदी तक गिरावट दर्ज की गई है।
सावित्री जिंदल को भी हुआ नुकसान
शेयर बाजारों में उथल-पुथल का असर अदाणी व अंबानी के अलावा जेएसडब्ल्यू ग्रुप की सावित्री जिंदल की संपत्ति पर भी देखने को मिला है। उनकी संपत्ति साल अब तक 3.9 अरब डॉलर घटकर 28.4 अरब डॉलर पर आ गई है। शापूर मिस्त्री की संपत्ति 2.73 अरब डॉलर कम होकर 35.9 अरब डॉलर रही है। दिलीप सांघवी की संपत्ति में 3.81 अरब डॉलर की गिरावट आई है और यह 25.7 अरब डॉलर रह गई है।