मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद सीएम पद के लिए चुनाव दिन-ब-दिन स्थगित होते जा रही है, आज भी ऐसा किस्सा सामने आया है। राज्य में आज सभी को उम्मीदें थी कि आज महाराष्ट्र के नए सीएम का नाम घोषित हो जाएगा। लेकिन आज भी ये बैठक रद्द हो गई है। महायुति और शिवसेना के नेता एकनाथ शिंदे की तबीयत खराब होने के कारण आज भी गठबंधन की बैठक रद्द कर दी गई है। एकनाथ शिंदे के गले में संक्रमण के कारण उनकी तबीयत खराब हो गई थी। अब बताया जा रहा है कि महायुति की सीएम को लेकर अहम बैठक कल यानी मंगलवार को होगी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने शनिवार को सरकार गठन की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में नई महायुति सरकार का शपथ ग्रहण 5 दिसंबर की शाम को दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में होगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
देवेंद्र फडणवीस रेस में आगे
हालांकि, अभी तक इस बात की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है कि मुख्यमंत्री कौन होगा? लेकिन भाजपा सूत्रों ने बताया कि दो बार के मुख्यमंत्री एवं पूर्ववर्ती एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार में उपमुख्यमंत्री रहे देवेंद्र फडणवीस इस पद की दौड़ में सबसे आगे हैं।
महाराष्ट्र में 20 नवंबर को हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के गठबंधन महायुति ने 288 में से 230 सीट जीतकर सत्ता बरकरार रखी। भाजपा 132 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी जबकि शिवसेना ने 57 और राकांपा ने 41 सीट जीतीं। लेकिन, सरकार के गठन में देरी हो रही है क्योंकि गठबंधन इस बात पर आम सहमति नहीं बना पाया है कि मुख्यमंत्री कौन होगा?