नई दिल्ली : आज यानी शनिवार 8 मार्च को प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘नारी शक्ति’ को बधाई दी और विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण की अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी दोहराया कि अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाएं एक दिन के लिए उनका सोशल मीडिया अकाउंट संभालेंगी।
इस बाबत प्रधानमंत्री मोदी ने ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा कि, ‘‘हम महिला दिवस पर अपनी नारी शक्ति को नमन करते हैं! हमारी सरकार ने हमेशा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए काम किया है और यह हमारी योजनाओं और कार्यक्रमों में झलकता है। आज, जैसा कि वादा किया गया था मेरा सोशल मीडिया अकाउंट उन महिलाओं द्वारा संभाला जाएगा जो विविध क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं।”
हालांकि ऐसा पहली बार नहीं है जब विभिन्न क्षेत्रों की सफल महिलाएं प्रधानमंत्री के सोशल मीडिया अकाउंट को संभालेंगी। इससे पहले 2020 में भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मोदी के सोशल मीडिया अकाउंट को सात महिलाओं ने संभाला था। जानकारी दें कि, आज यानी 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गुजरात के नवसारी जिले में प्रधानमंत्री मोदी ने जिस विशाल कार्यक्रम को संबोधित करेंगे उसकी सुरक्षा व्यवस्था की कमान केवल महिला पुलिसकर्मियों के हाथों में होगी। देश में यह पहली ऐसी पहल होगी।
दरअसल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गुजरात पुलिस एक अनूठी पहल कर रही है। भारत के इतिहास में पहली बार प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की पूरी सुरक्षा व्यवस्था महिला पुलिसकर्मी ही संभालेंगी। महिला पुलिसकर्मियों में IPS अधिकारी एवं आरक्षी शामिल होंगी। सांघवी ने कहा था कि, ‘‘ 2,100 से अधिक आरक्षी, 187 उप-निरीक्षक, 61 पुलिस निरीक्षक, 16 पुलिस उपाधीक्षक, पांच पुलिस अधीक्षक, एक पुलिस महानिरीक्षक और अतिरिक्त डीजीपी रैंक की एक अधिकारी समेत सभी महिला पुलिसकर्मी सुरक्षा संभालेंगी।