अलीगढ़ : अलीगढ़ में हुए भीषण सड़क हादसे में बदायूं के तीन व्यापारियों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा इगलास थाना क्षेत्र के अलीगढ़-मथुरा रोड स्थित मौनिया बंबा के पास बुधवार की देर रात हुआ। मथुरा से लौटते हुए अलीगढ़ में अज्ञात वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। भीषण हादसे की तेज आवाज सुनकर वहां भीड़ जमा हो गई। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने स्थानिय लोगों की मदद से सभी को गाड़ी में से बाहर निकाला। तीन की मौत हो चुकी थी।
घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार तीनों व्यापारी बदायूं जिले के बिसौली कोतवाली के अलग-अलग मोहल्ले के रहने वाले हैं। व्यापारी गोवर्धन परिक्रमा और बिहारी जी के दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे में नंदन कोल्ड स्टोर के स्वामी सचिन वार्ष्णेय 28 वर्ष, राज कम्युनिकेशन के स्वामी मोहित राज 36 वर्ष और मधुवन होटल के स्वामी विक्की 38 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हादसे में खाद व्यापारी शशिकांत और अंशुल गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
दोनों का इलाज अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में जारी है। हादसे की सूचना मृतकों और घायलों के परिवारों को दी गई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया और परिजन अलीगढ़ के लिए रवाना हो गए। तीन व्यापारियों की असमय मौत से व्यापारी समाज में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिवार को दे दिया जाएगा। वहीं, घायलों को इलाज के बाद घर भेजा जाएगा। उनके बयान भी जल्द दर्ज किए जाएंगे।