पंजाब में कोहरे का दिखा कहर, कैंटर और पिकअप की टक्कर में 11 लोगों की दर्दनाक मौत…15 घायल

0 44

फिरोजपुर: पंजाब के फिरोजपुर जिले के गुरुहरसहाय उपमंडल में शुक्रवार को कोहरे की वजह से पिक अप वैन और कैंटर ट्रक की टक्कर हो गई। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि वैन में 20 से अधिक लोग सवार थे, जिनमें से अधिकतर बैरा तौर पर काम करते थे और जलालाबाद में एक समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

यह दुर्घटना गुरुहरसहाय उपमंडल के गोलू का मोड़ गांव के पास हुई। पुलिस ने बताया कि घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। फिरोजपुर की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सौम्या मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।

पुलिस ने कहा कि वे सुबह करीब आठ बजे हुई इस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। उपायुक्त दीपशिखा शर्मा ने बताया कि गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि कुछ अन्य को जलालाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया, ‘‘घटना के तुरंत बाद पांच एम्बुलेंस घटनास्थल पर भेजी गईं।”प्रशासन घायलों के इलाज का खर्च वहन करेगा।

मुख्यमंत्री भगवंत मान और विभिन्न राजनीतिक दलों के कई अन्य नेताओं ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया। मान ने सोशल मीडिया मंच पर ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा, ‘‘आज सुबह फिरोजपुर से कैंटर और पिकअप वाहन की टक्कर से एक बड़े हादसे की खबर। शादी समारोह में जा रहे बैरा की दुखद मौत की खबर मिली है और कुछ लोगों के घायल होने की खबर है।” उन्होंने कहा, ‘‘मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। पंजाब सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।”

शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज सुबह फिरोजपुर जिले के गुरुहरसहाय के पास एक सड़क दुर्घटना के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। इस दुखद घटना से प्रभावित सभी लोगों को इस कठिन समय में शक्ति मिले। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में कहा, ‘‘पीड़ितों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.

07:45