Weather Update: दिल्ली में गर्मी का तेवर, उत्तराखंड और यूपी में पारा हाई; जानें मौसम का हाल

0 31

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर के लोगों पर गर्मी का सितम और बढ़ने वाला है। तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। इतना ही नहीं आने वाले 4 से 5 दिन में तापमान का स्तर 40 डिग्री को छू सकता है। पूर्वानुमान के अनुसार, आज आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री तक रह सकता है। इसके बाद 3 से 5 अप्रैल तक आंशिक बादल छा सकते हैं। तेज हवाएं चलेंगी। 10 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 से 21 डिग्री तक रह सकता है।

6 अप्रैल को हवाएं कमजोर पड़ जाएंगी। इसकी वजह से तापमान और अधिक बढ़ेगा। 6 और 7 अप्रैल को अधिकतम तापमान 38 से 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 से 22 डिग्री रह सकता है। 6 अप्रैल के आसपास गर्मी का प्रकोप काफी तीखा हो जाएगा। बारिश की संभावना फिलहाल अगले दस दिनों तक नहीं है।

अगले 10 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम का हाल
स्काईमेट के अनुसार, अप्रैल में तापमान में सबसे अधिक उछाल आता है। अगले 10 दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हवाएं कम होते ही दो दिनों से तापमान बढ़ रहा है। 5 अप्रैल तक हवाएं थोड़ी राहत देंगी लेकिन इसके बावजूद तापमान लगातार बढ़ेगा। जैसे-जैसे महीना आगे बढ़ेगा, तापमान और चढ़ सकता है।

उत्तराखंड में चढ़ने लगा है पारा
उत्तराखंड में गर्मी का प्रकोप दिखने लगा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक तप रहे हैं। ज्यादातर क्षेत्रों में पारा चढ़ रहा है। अप्रैल महीने में इस बार गर्मी बेहाल कर सकती है। उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों में इन दिनों सूरज की तपिश ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सुबह और शाम के समय गर्मी से हल्की राहत मिल रही है लेकिन दिन के समय सूरज के तेवर तल्ख होने से गर्मी सताने लगी है। आने वाले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा।

राजस्थान में हल्की बारिश का अनुमान
राजस्थान के कई हिस्सों में अगले दो दिन बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश का अनुमान है। पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में 2 और 3 अप्रैल को बादल छाए रह सकते हैं जबकि जयपुर, भरतपुर व कोटा संभाग में तीन अप्रैल को गरज के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है। विभाग ने बताया कि इस दौरान कहीं-कहीं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अचानक तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले 3 से 4 दिनों में राज्य में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री की वृद्धि हो सकती है।

यूपी में भी गर्मी दिखा रही है तेवर
उत्तर प्रदेश में धीरे-धीरे गर्मी बढ़ती जा रही है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने से दिन के समय गर्मी और बढ़ सकती है। बुधवार को भी प्रदेश में मौसम साफ रहने के कारण गर्मी पड़ सकती है। हालांकि 24 घंटे बाद प्रदेश का मौसम पूरी तरह से बदल सकता है। 3 अप्रैल को प्रदेश के दोनों हिस्सों में बूंदाबांदी के साथ ही हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। लेकिन इसके बाद फिर से प्रदेश में गर्मी का सिलसिला जारी हो सकता है। वहीं प्रदेश के तापमान की बात करे तो तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी लखनऊ में 16.7℃ न्यूनतम और 36.7℃ अधिकतम तापमान होने के कारण ठीकठाक गर्मी हो रही है।

कहां है लू का अलर्ट?
स्काईमेट ने बताया कि पिछले 2 से 3 दिन से आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, ओडिशा और गुजरात के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। ओडिशा में 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तापमान पहुंच गया है, जो सामान्य से 4 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इन राज्यों में भीषण गर्मी का अलर्ट है। आईएमडी ने आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान रिकॉर्ड तोड़ सकता है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.

12:05